Monday, September 28, 2026
HomeChhattisgarhGanesh Jhanki 2026: राजधानी में झांकी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, 2000...

Ganesh Jhanki 2026: राजधानी में झांकी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, 2000 पुलिसकर्मी तैनात; शराब बिक्री पर रोक

Ganesh Jhanki 2026: राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन की पारंपरिक झांकी आज रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होगी। झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की व्यापक व्यवस्था की है। पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद रायपुर में यह पहली गणेश विसर्जन झांकी होगी।

झांकी के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। झांकी रूट के अलावा शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पेट्रोलिंग पार्टियां सक्रिय रहेंगी। निगरानी के लिए वॉच टॉवर के साथ ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने और कार्रवाई के लिए एसीसीयू क्राइम ब्रांच की 20 टीमें भी तैनात रहेंगी।

सड़क पर छेड़खानी या बदतमीजी हो तो तुरंत करें ये काम, 3 हेल्पलाइन नंबर और पैनिक बटन आएंगे काम

शाम 6 बजे से बदलेगा ट्रैफिक रूट

प्रशासन ने झांकी के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शाम 6 बजे से पारंपरिक झांकी मार्ग पर बैरिकेडिंग शुरू करने की तैयारी की है। झांकी रूट पर आने वाली सड़कों से ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू होगी।

तीन लेयर में सुरक्षा व्यवस्था

झांकी की सुरक्षा के लिए तीन स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। पूरे झांकी मार्ग को 6 सुरक्षा जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी प्रभारी के रूप में मौजूद रहेंगे। सभी सेक्टरों की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को सौंपी गई है।

झांकी मार्ग पर ड्रोन से निगरानी के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। पुलिस का फोकस भीड़ प्रबंधन के साथ असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर रहेगा।

शाम 4 बजे से शराब दुकानें बंद

झांकी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अलावा बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार आज शाम 4 बजे से संबंधित शराब दुकानों को सील किया जाएगा।

यह निर्णय झांकी के दौरान नशे में हंगामा और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।

सदरबाजार में साउंड सिस्टम की आवाज पर निगरानी

नगर निगम ने सदरबाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर 10 जर्जर मकानों को नोटिस जारी करने के बाद सील किया है। झांकी देखने के लिए लोगों के इन मकानों की छतों पर चढ़ने पर रोक रहेगी और पुलिस की तैनाती भी की जाएगी।

सदरबाजार में साउंड सिस्टम की आवाज सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। शोर की निगरानी के लिए मशीन लगाई जाएगी। 50 डेसिबल से अधिक आवाज मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

LPG Cylinder Price: एक दशक बाद घरेलू गैस पर लौटेगा पुराना सिस्टम, e-KYC से तय होगी सिलेंडर की कीमत

यहां होगी वाहनों की पार्किंग

झांकी देखने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

  • तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब क्षेत्र से आने वाले लोग शहीद स्मारक भवन के पास वाहन पार्क कर सकेंगे।
  • कटोरा तालाब और टिकरापारा क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गांधी मैदान के पास पार्किंग रहेगी।
  • मठपारा और पुरानी बस्ती क्षेत्र के लोग इंडोर स्टेडियम के पास वाहन खड़ा कर सकेंगे।
  • विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले लोगों के लिए ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इन वैकल्पिक मार्गों से जारी रहेगा आवागमन

ट्रैफिक डायवर्जन के बावजूद शहर के कई प्रमुख मार्गों से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।

तेलीबांधा-शास्त्री चौक से टाटीबंध जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका और रिंग रोड-1 होकर जा सकेंगे।

फाफाडीह चौक से आने-जाने वाले वाहन स्टेशन रोड, चौबे कॉलोनी और समता कॉलोनी की ओर से आवागमन कर सकेंगे। वहीं खमतराई-फाफाडीह क्षेत्र के वाहन चालक रिंग रोड-2 का इस्तेमाल कर सकेंगे।

धमतरी रोड और पचपेढ़ी नाका से रेलवे स्टेशन या मेकाहारा की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, शास्त्री चौक और मरही माता चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

शारदा चौक से शुरू होगी झांकी

गणेश विसर्जन की झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकाली तालाब रोड, पुरानी बस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए रायपुरा महादेवघाट की ओर जाएगी।

श्रद्धालुओं से प्रशासन ने निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था के लिए जारी किए गए डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments