नई दिल्ली : भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले तीन दिनों से हालात बिल्कुल भी अच्छे नहीं हैं. जो भी हो रहा है, उससे युद्ध जैसे हालात पैदा (India Pakistan Attack) हो गए हैं. दुश्मन लगातार ड्रोन और मिसाइलें बरसा रहा है, लेकिन भारतीय सेना के हाथों उसे मुंह की खानी पड़ रही है. बौखलाया पाकिस्तान एलओसी पर मासूम लोगों को निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहा. हालांकि उसका नुकसान भी जमकर हो रहा है. इस बीच भारत तो पहले से ही अलर्ट मोड पर है और दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है. पीएम आवास पर मीटिंग से लेकर पाक एयरबेसों की तबाही तक, कहां क्या चल रहा है, 10 पॉइंट्स में जानिए.
BSF ने सियालकोट में आतंकी लॉन्च पैड को किया तबाह, सेना की ड्रेस में घूम रहे आतंकवादी
पाकिस्तान में क्या और कितना नुकसान
पाकिस्तान की हिमाकत का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है. पाक के तीन एयरबेस सेना ने पूरी तरह बर्बाद कर दिए. इतना ही नहीं सिरसा की तरफ दागी गई फतह मिसाइल और पंजाब में भेजा गया ड्रोन भी मार गिराया गया है. रक्षा सूत्रों के मुताबिक, जम्मू के पास स्थित पाकिस्तानी चौकियों और आतंकवादी लॉन्च पैड्स को भारतीय सेना ने नष्ट कर दिया. पाकिस्तान ने शनिवार सुबह खुद इस बात को स्वीकार किया कि भारत मिसाइल और ड्रोन के जरिए उसके तीन एयरबेस को निशाना बनाया. पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने तड़के करीब चार बजे इस्लामाबाद में जल्दबाजी में बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पाकिस्तानी वायुसेना के नूर खान (चकलाला, रावलपिंडी), मुरीद (चकवाल) और रफीकी (झंग जिले में शोरकोट) एयरबेस को निशाना बनाया गया. चौधरी ने दावा किया कि भारत ने अपने जेट विमानों से हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल दागीं.
जम्मू-कश्मीर में कैसे हैं हालात
पाकिस्तान बॉर्डर से सटे जम्मू-कश्मीर को लगातार निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है. हालांकि भारतीय सेना से उसे मुंह की खानी पड़ रही है. दुश्मन के लिहाज से जम्मू-कश्मीर सबसे ज्यादा संवेदनशील इलाका है.पिछले तीन दिनों से पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में ड्रोन हमले कर रहा था, जिनमें से ज्यादातर ड्रोन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिए हैं. शनिवार सुबह श्रीनगर में दो जोरदार धमाके हुए, वहीं जम्मू के अखनूर कस्बे में तीन बड़े धमाकों की आवाज सुनाई दी. पुंछ में भी इस तरह के धमाके सुने गए. गोलाबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. हजारों लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं. पुंछ में बाजार बंद हैं और जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों के स्कूल-कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं. शुक्रवार शाम को जम्मू शहर में पूरी तरह ब्लैकआउट कर दिया गया. जम्मू-कश्मीर में सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद कर दिए गए हैं. स्थिति की समीक्षा 12 मई को की जाएगी. भारतीय वायुसेना ने श्रीनगर एयरपोर्ट का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है और वहां से सभी नागरिक उड़ानें रोक दी गई हैं.
भारत-पाक बॉर्डर पर कैसे हैं हालात
भारती सेना के एक्शन से डरा पाकिस्तान एलओसी पर बिना उकसावे के लगातार गोलियां बरसा रहा है. भारतीय सेना उसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है. BSF जम्मू ने आतंकवादी लॉन्च पैड नष्ट किए हैं. लूनी, जिला सियालकोट, पाकिस्तान में पाकिस्तान के लॉन्च पैड को तबाह किया गया है.राजौरी जिले में सीमा पार से हुई भारी गोलाबारी में कई घरों को नुकसान पहुंचा है और इस हमले में राजौरी के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई.
देश-दुनिया का क्या हाल है
ऑपरेशन सिंदूर पर थोड़ी देर में प्रेस ब्रीफिंग होने जा रही है. पीएम मोदी ने भी आपात बैठक बुलाई है. वहीं पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आज राष्ट्रीय कमान प्राधिकरण की बैठक बुलाई है. पाकिस्तान में कोई भी कमर्शियल फ्लाइट उड़ान नहीं भर रही और वहां के हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिए गए हैं. इस्लामाबाद के सभी पेट्रोल पंप 48 घंटे के लिए पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं. भारत के एक्शन के बीच अमेरिका के विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री या विदेश मंत्री के बजाय पाक सेनाध्यक्ष से फोन पर बात की. इससे ये तो साफ है कि अमेरिका भी ये जानता है कि देश से जु़ड़े सभी फैसले पॉलिटिकल लीडरशिप नहीं सेना प्रमुख ले रहे हैं. भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सऊदी अरब ने दोनों देशों से शांति की अपील की है.
देश में सिविल लेवल पर कैसे हैं हालात
भारत-पाक टेंशन के बीच देश के ज्यादातर राज्यों में पुलिसकर्मियों और डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. दिल्ली में एम्स, सफदरजंग और राम मनोहर लोहिया अस्पतालों समेत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दी हैं. अस्पताल में इमरजेंसी प्रोटोकॉल एक्टिव है. भुवनेश्वर एम्स ने भी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. गुजरात सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं.महाराष्ट्र में भी सरकारी स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन विभागों के प्रमुख अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. कोलकाता के श्यामाप्रसाद मुखर्जी बंदरगाह की सुरक्षा प्रोटोकॉल और परिचालन सतर्कता में बढ़ोतरी की गई है. सीआरपीएफ ने सभी ट्रांसफर और नियुक्ति आदेशों को स्थगित कर दिया है. उन्होंने अपने कर्मियों के लिए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम भी स्थगित कर दिए हैं.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों की बैठक शुरू, सीडीएस अनिल चौहान भी हैं मौजूद
देश में कहां-कहां स्कूल-कॉलेज बंद
भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात के बीच देश में अलर्ट जारी है. इस बीच देश के ज्यादार राज्यों में एहतियातन स्कूलों को बंद कर दिया गया है. दिल्ली में कुछ प्राइवेट स्कूलों ने ऑनलाइन क्लासेज शुरू कर दी हैं. वहीं कश्मीर में शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है, जिसके बाद कई स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करना शुरू कर दिया है. पंजाब में शुक्रवार को ही 3 दिन के लिए स्कूल बंद कर दिए गए थे. पंजाब के छह सीमावर्ती जिलों- फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, अमृतसर, गुरदासपुर और तरनतारन- में सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं. वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
देश में कहां-कहां एयरपोर्ट बंद
पाकिस्तान के संभावित खतरे को देखते हुए देश के 32 एयरपोर्ट 9 से 14 मई तक अस्थायी रूप सेबंद कर दिए गए हैं. AAI और संबंधित विमानन प्राधिकरणों ने उत्तरी और पश्चिमी भारत में हवाई अड्डों के अस्थायी बंद होने की घोषणा की है.अधमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतिपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू, मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोईस, उत्तरलाई का एयरपोर्ट शामिल है. इस दौरान इन हवाई अड्डों पर सभी नागरिक उड़ान गतिविधियां निलंबित रहेंगी.गाजियाबाद में हिंडन सिविल एयरपोर्ट का सिविल टर्मिनल अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है.
राजस्थान-पंजाब में कैसे हैं हालात
पाकिस्तान के हमलों को देखते हुए राजस्थान और पंजाब समेत बॉर्डर के इलाके सबसे ज्यादा अलर्ट मोड पर हैं. पंजाब में सभी पुलिसकर्मियों और स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाले कर्मियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं. शनिवार तड़के पंजाब के पठानकोट जिले में विस्फोट जैसी आवाजें सुनी गई. अधिकारियों ने शुक्रवार रात पठानकोट में ‘ब्लैकआउट’ किया और स्थानीय लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की.सुरक्षाबलों ने शुक्रवार शाम पंजाब के फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का और अमृतसर जिलों में पाकिस्तान की तरफ से किए गए कई ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया.
वायु रक्षा प्रणाली द्वारा नष्ट किए गए पाकिस्तानी ड्रोन से निकली मिसाइल का कुछ हिस्सा शुक्रवार रात फिरोजपुर के ‘खाई फेमे की’ गांव में एक घर पर गिर गया जिससे एक परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए. इसके अलावा, घर और एक कार में आग लग गई.