Tuesday, October 6, 2026
HomeBusinessVDA Hike Workers Salary Hikes: मजदूरों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने बढ़ाई न्यूनतम...

VDA Hike Workers Salary Hikes: मजदूरों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने बढ़ाई न्यूनतम मजदूरी, कंस्ट्रक्शन से माइनिंग तक जानें नई दरें

VDA Hike Workers Salary Hikes: देशभर में खेती, कंस्ट्रक्शन, माइनिंग, सफाई, लोडिंग-अनलोडिंग और वॉच एंड वार्ड जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने VDA यानी वेरिएबल महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी करते हुए 1 अक्टूबर 2026 से न्यूनतम मजदूरी की नई दरें लागू कर दी हैं। दशहरा और दिवाली से पहले सरकार के इस फैसले से दैनिक मजदूरी पर काम करने वाले लाखों कर्मचारियों को फायदा मिलेगा।

Good News For Street Vendors: त्योहारों में स्ट्रीट वेंडर्स को नहीं हटाया जाएगा बेवजह, सामान बेचने के लिए दूसरी जगह देनी होगी, सभी राज्यों को निर्देश

सरकार ने औद्योगिक श्रमिकों के कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI-IW) में बदलाव के आधार पर VDA में संशोधन किया है। केंद्र के अनुसार, 30 जून 2026 तक CPI-IW 424.80 से बढ़कर 431.42 हो गया। यानी इंडेक्स में 6.62 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों और श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए नई न्यूनतम मजदूरी तय की गई है।

यह बढ़ोतरी केंद्र सरकार के उपक्रमों में दैनिक मजदूरी के आधार पर काम करने वाले कर्मचारियों पर लागू होगी। बता दें कि न्यूनतम मजदूरी में केवल VDA ही शामिल नहीं होता, बल्कि बेसिक वेज + VDA = कुल न्यूनतम मजदूरी होती है।

महंगाई के हिसाब से बढ़ता है VDA

VDA मजदूरी का वह हिस्सा है, जिसे महंगाई और वस्तुओं की कीमतों में बदलाव के असर को कम करने के लिए तय किया जाता है। CPI-IW में 6.62 अंकों की बढ़ोतरी के बाद VDA में संशोधन किया गया है। नई दरों में VDA की रकम को अगले रुपये तक राउंड ऑफ किया गया है, जिसके चलते अलग-अलग काम और स्किल कैटेगरी के लिए मजदूरी अलग-अलग है।

खेती में 705 रुपये तक न्यूनतम मजदूरी

कृषि क्षेत्र में अनस्किल्ड वर्कर के लिए एरिया A में बेसिक वेज 333 रुपये और VDA 204 रुपये तय किया गया है। इस तरह कुल न्यूनतम मजदूरी 537 रुपये प्रतिदिन होगी। एरिया B में यह 491 रुपये, जबकि एरिया C में 486 रुपये प्रतिदिन होगी।

हाई स्किल्ड कृषि मजदूरों के लिए एरिया A में बेसिक वेज 438 रुपये और VDA 267 रुपये है। यानी कुल न्यूनतम मजदूरी 705 रुपये प्रतिदिन होगी। एरिया B में यह 655 रुपये और एरिया C में 587 रुपये प्रतिदिन तय की गई है।

कंस्ट्रक्शन मजदूरों को 1,111 रुपये तक

सड़क, रनवे, भवनों और कुछ विशेष यूटिलिटी कार्यों के निर्माण एवं रखरखाव में लगे कर्मचारियों के लिए भी नई न्यूनतम मजदूरी लागू हो गई है।

एरिया A में अनस्किल्ड निर्माण मजदूर को 840 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। सेमी-स्किल्ड/अनस्किल्ड सुपरवाइजरी वर्कर के लिए यह 933 रुपये, स्किल्ड/क्लेरिकल वर्कर के लिए 1,024 रुपये और हाई स्किल्ड वर्कर के लिए 1,111 रुपये प्रतिदिन तय की गई है।

एरिया B में इन श्रेणियों के लिए मजदूरी क्रमशः 704 रुपये, 794 रुपये, 933 रुपये और 1,024 रुपये होगी। वहीं एरिया C में यह 565 रुपये, 661 रुपये, 794 रुपये और 933 रुपये प्रतिदिन है।

सफाई और लोडिंग-अनलोडिंग में भी बढ़ी मजदूरी

कवर किए गए सफाई कर्मचारियों और लोडिंग-अनलोडिंग का काम करने वाले मजदूरों के लिए एरिया A में न्यूनतम मजदूरी 840 रुपये प्रतिदिन, एरिया B में 704 रुपये और एरिया C में 565 रुपये प्रतिदिन निर्धारित की गई है।

वॉच एंड वार्ड कर्मचारियों के लिए भी नई दरें लागू हैं। बिना हथियार ड्यूटी करने वाले कर्मचारी को एरिया A में 1,024 रुपये प्रतिदिन, जबकि हथियार के साथ ड्यूटी करने वाले कर्मचारी को 1,111 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।

PDS Ration System: अंगूठा नहीं लगा तो भी मिलेगा राशन, PDS में बदला फिंगरप्रिंट सिस्टम; अब चेहरे से होगी पहचान

माइनिंग सेक्टर में 1,095 रुपये तक मजदूरी

खनन क्षेत्र में खान के बाहर और खान के अंदर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए अलग-अलग न्यूनतम मजदूरी तय की गई है।

एबव ग्राउंड में अनस्किल्ड कर्मचारी के लिए न्यूनतम मजदूरी 565 रुपये प्रतिदिन, जबकि अंडरग्राउंड काम करने वाले कर्मचारी के लिए 704 रुपये प्रतिदिन होगी।

वहीं हाई स्किल्ड कर्मचारियों के लिए एबव ग्राउंड न्यूनतम मजदूरी 979 रुपये, जबकि खान के अंदर काम करने वालों के लिए यह 1,095 रुपये प्रतिदिन तय की गई है।

स्टोन माइंस में काम के हिसाब से भुगतान

पत्थर खदानों में कुछ कार्यों के लिए मजदूरी दैनिक दर के बजाय काम और यूनिट के आधार पर तय की गई है।

सॉफ्ट सॉइल से ओवरबर्डन हटाने के लिए 2.831 घन मीटर यानी 100 क्यूबिक फीट पर 569 रुपये तय किए गए हैं। रॉक वाले ओवरबर्डन को हटाने पर यह राशि 854 रुपये और रॉक की खुदाई व हटाने के लिए 1,131 रुपये है।

वहीं 5.662 घन मीटर यानी 200 क्यूबिक फीट के ट्रक लोड में 1 से 1.5 इंच के स्टोन ब्रेकिंग/क्रशिंग के लिए कुल भुगतान 3,468 रुपये निर्धारित किया गया है।

इस तरह VDA में बढ़ोतरी के बाद खेती से लेकर कंस्ट्रक्शन और माइनिंग तक कई क्षेत्रों में काम करने वाले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी में इजाफा हुआ है। नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments