Shivaji Maharaj Jayanti: पुणे के जुन्नर तालुका में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मस्थान शिवनेरी किला पर शिवजयंती के मौके पर इस साल भारी भीड़ उमड़ पड़ी. राज्य के अलग-अलग हिस्सों से शिवज्योत लेकर आए युवा, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण किला परिसर रात से ही खचाखच भरा हुआ था.
प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
लेकिन बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त नहीं होने से कुछ समय के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए. अंबरखाना के नीचे स्थित हाथी दरवाजा इलाके और गणेश दरवाजा जैसे संकरे रास्तों पर अचानक बहुत ज्यादा भीड़ जमा हो गई. रास्ते पहले से ही संकरे थे और एक साथ बड़ी संख्या में लोग आगे बढ़ने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
इस दौरान कुछ महिलाएं और छोटे बच्चे गिर पड़े और कई लोग हल्के तौर पर घायल हो गए. घायलों को तुरंत जुन्नर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है.
हर साल शिवजयंती पर उमड़ती है भीड़
हालांकि, हर साल शिवजयंती पर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, इसके बावजूद भीड़ नियंत्रण को लेकर पर्याप्त तैयारी नहीं होने पर अब प्रशासन के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों के लिए पहले से ही एंट्री-एग्जिट प्लान, बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.