Friday, November 27, 2026
HomeNATIONALPM Awas Yojana 2.0: शहरी परिवारों के लिए खुशखबरी! PM आवास योजना...

PM Awas Yojana 2.0: शहरी परिवारों के लिए खुशखबरी! PM आवास योजना में बनेंगे 1.75 लाख नए घर, ऐसे उठाएं लाभ

नई दिल्ली। देश के शहरों में रहने वाले गरीब और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए अपना पक्का घर बनाने का एक और अवसर सामने आया है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 1.75 लाख नए मकानों को अंतिम मंजूरी दे दी है। यह निर्णय 19 नवंबर 2026 को केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की 11वीं बैठक में लिया गया। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक स्वीकृत मकानों की संख्या 24 लाख से अधिक हो गई है।

Vande Bharat Food Menu: वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में बदलेगा खाने का मेन्यू, क्वालिटी सुधारने के लिए IRCTC का बड़ा कदम

सरकार ने 1.75 लाख मकानों को अंतिम मंजूरी देने के साथ ही 1.5 लाख अतिरिक्त मकानों के लिए सैद्धांतिक सहमति भी दी है। इस चरण में उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक लाभ मिला है। यहां 1,01,493 नए मकानों को मंजूरी दी गई है। योजना के तहत महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए घर का मालिकाना हक परिवार की महिला सदस्य के नाम पर या संयुक्त रूप से रखने का प्रावधान भी है।

चार विकल्पों के जरिए मिलेगा आवास का लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत अलग-अलग जरूरतों वाले परिवारों के लिए चार विकल्प रखे गए हैं। आवेदक अपनी पात्रता और जरूरत के अनुसार इनमें से किसी एक श्रेणी का चयन कर सकते हैं।

  • BLC (लाभार्थी आधारित निर्माण): जिन लोगों के पास खुद की जमीन है, वे उस पर पक्का मकान बनाने के लिए 2.5 लाख रुपये तक की सरकारी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

  • AHP (किफायती आवास परियोजना): सरकारी या निजी एजेंसियों की ओर से बनाए जाने वाले किफायती मकान खरीदने के लिए आर्थिक सहायता का प्रावधान है।

  • ARH (किफायती किराये के मकान): शहरों में काम और पढ़ाई के लिए आने वाले प्रवासी मजदूरों तथा छात्रों को सस्ते किराये पर आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।

  • ISS (ब्याज सब्सिडी योजना): पात्र परिवारों को होम लोन के ब्याज पर अधिकतम 1.80 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है।

कौन कर सकता है प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदन?

योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं।

  • आवेदक या उसके परिवार यानी पति, पत्नी और अविवाहित बच्चों के नाम पर देश के किसी भी हिस्से में पक्का मकान नहीं होना चाहिए।

  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये तक होनी चाहिए।

  • निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए सालाना आय की सीमा 6 लाख रुपये तक है।

  • मध्यम आय वर्ग (MIG) के परिवारों की सालाना आय 9 लाख रुपये तक निर्धारित है।

  • ब्याज सब्सिडी का लाभ लेने के लिए मकान की कीमत अधिकतम 35 लाख रुपये और होम लोन की राशि 25 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

आवेदन से पहले तैयार रखें ये दस्तावेज

प्रधानमंत्री आवास योजना में ऑनलाइन आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। इनमें शामिल हैं:

  1. आवेदक और परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड।

  2. पैन कार्ड।

  3. सालाना आय प्रमाण पत्र।

  4. नौकरीपेशा लोगों के लिए सैलरी स्लिप और पात्रता के अनुसार ITR।

  5. आधार से लिंक बैंक खाते की पासबुक या बैंक स्टेटमेंट।

  6. जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज या अलॉटमेंट लेटर।

  7. देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होने का स्वघोषणा पत्र।

घर बैठे ऑनलाइन कैसे करें आवेदन?

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के लिए आवेदन आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:

अस्पताल बदलने पर नहीं जुटाने पड़ेंगे पुराने मेडिकल दस्तावेज, ABHA ID से एक जगह मिलेंगे इलाज के रिकॉर्ड; जानें बनाने का तरीका

  1. सबसे पहले योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं और होमपेज पर दिए गए ‘Apply for PMAY-U 2.0’ विकल्प पर क्लिक करें।

  2. अपनी सालाना आय और राज्य से संबंधित जानकारी भरकर पात्रता जांचें।

  3. अपनी जरूरत के अनुसार BLC, AHP, ARH या ISS में से किसी एक विकल्प का चयन करें।

  4. आधार नंबर और नाम दर्ज करें। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP के जरिए सत्यापन पूरा करें।

  5. आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, पता, परिवार के सदस्यों का विवरण, बैंक खाते और संपत्ति से जुड़ी जानकारी भरें।

  6. सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और कैप्चा कोड दर्ज करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें।

आवेदन पूरा होने के बाद स्क्रीन पर मिलने वाली Application ID को सुरक्षित रखें। इसकी मदद से भविष्य में आवेदन की स्थिति जांची जा सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments